✍️ कोरबा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्वच्छता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित कायाकल्प कार्यक्रम के तहत राज्य एवं संभाग स्तरीय निरीक्षण दल ने विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा, पाली, पोंड़ी उपरोड़ा, करतला तथा रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष, दवा वितरण कक्ष, स्टोर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय सहित विभिन्न विभागों का गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुपालन की समीक्षा करना था।
निरीक्षण दल ने अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि कायाकल्प कार्यक्रम के सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नियमित निरीक्षण और आवश्यक सुधारात्मक कदमों से जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली और मरीजों की संतुष्टि में उल्लेखनीय सुधार होगा।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


