✍️कटघोरा (कोरबा):** थाना कटघोरा क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में पहले गिरफ्तार दो आरोपियों के बाद चार अन्य आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है। कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लगभग 10 तोला सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी गए सामान में रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल शामिल थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव तथा चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी हिमेश सोनी (निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा) को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए जेवरात व्यापारी हिमेश सोनी को बेच दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 2 जोड़ी चांदी की पायल, करीब 3 तोला सोने का बिस्किट, नगदी राशि तथा अन्य जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
**पुलिस की अपील:**
कटघोरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, CCTV कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




