✍️सिरमिना में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल की। ब्लॉक पोड़ी-उपरोड़ा के इस दूरस्थ ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 796 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 143 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा की अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, जिला पंचायत सदस्य विद्वान मरकाम सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में क्लस्टर की सभी 11 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। खाद्य विभाग ने आठ पात्र हितग्राहियों को नए राशन कार्ड वितरित किए, वहीं पंचायत एवं मनरेगा विभाग की ओर से दस जॉब कार्ड प्रदान किए गए। कृषि विभाग ने किसानों को पंप सेट, उद्यान विभाग ने सब्जी बीज तथा सहकारिता विभाग ने तीन हितग्राहियों को चेक वितरित किए।
मुख्य अतिथि तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
वक्ताओं ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। दूरस्थ क्षेत्र सिरमिना में आयोजित यह शिविर स्थानीय ग्रामीणों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हुआ।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




