✍️ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर सुबह 5:30 बजे खनिज विभाग की दबिश, कई वाहन चालक मौके से फरार।
कोरबा | 12 सितंबर 2026। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी स्थित हसदेव नदी में तड़के छापा मारा। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने सुबह करीब 5:30 बजे कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया।
खनिज विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उड़नदस्ता दल ने सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी में रेत भरते समय फंस गए थे, जबकि कई वाहन चालक प्रशासन की टीम को देखकर मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
नगर पालिक निगम कोरबा की मदद से नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालकर जब्त किया गया। सभी वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना विभाग की प्राथमिकता है। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
विभाग के अनुसार अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
देश दर्पण न्यूज़ 24 | ब्रेकिंग कोरबा

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



