✍️ सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस की सख्त कार्रवाई

*कोरबा/कटघोरा।* छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कटघोरा पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। रविवार को प्रसिद्ध झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान में पुलिस ने तेज रफ्तार, बिना सायलेंसर, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 23 बाइक चालकों पर चालानी कार्रवाई की।
दरअसल, रविवार होने के कारण झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक बाइक से स्टंटबाजी, फर्राटेबाजी और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते दिखाई दिए। तेज आवाज वाले बिना सायलेंसर वाहनों और तेज रफ्तार बाइकिंग से वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ने लगा था।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद झोराघाट क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक दौड़ाने, बिना सायलेंसर वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वाले युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 23 चालान काटे और जुर्माना वसूला।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले बाइक चालकों में हड़कंप मच गया। कई युवक पुलिस को देखकर रास्ता बदलते और मौके से निकलने की कोशिश करते भी दिखाई दिए।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि झोराघाट सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर आगे भी लगातार वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। बिना लाइसेंस, बिना सायलेंसर, शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंटबाजी करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया गया तो वाहन मालिक और परिजनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि पिकनिक स्पॉट और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की नियमित कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगेगा और यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
अपराध और नियम तोड़ने वालों पर लगातार जारी रहेगा अभियान
कोरबा पुलिस ने साफ कर दिया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




