✍️ कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं यातायात प्रभारी मनोज राठौर के मार्गदर्शन में जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों और यातायात इकाइयों ने संयुक्त रूप से अभियान संचालित किया।
अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसके लिए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नंबर प्लेट, मॉडिफाइड वाहनों सहित विभिन्न यातायात नियमों का गहन निरीक्षण किया। वहीं ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई।
अभियान के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
– 60 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
– 05 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के अनुसार चालानी कार्रवाई की गई।
– 08 मॉडिफाइड (Modified) वाहनों पर नियमों के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की गई।
– 27 नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध चालान जारी किए गए।
पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार और सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन न सौंपें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


