
✍️ कटघोरा (कोरबा), 26 अप्रैल 2026।
“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे स्थित तानाखार के कंचन ढाबा को सील कर दिया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग के निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कंचन ढाबा में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। दो दिन पूर्व ही पुलिस ने ढाबे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। इसके बावजूद अवैध गतिविधियां जारी रहने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह द्वारा पुलिस की उपस्थिति में ढाबे को विधिवत सील किया गया। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब की बिक्री या सेवन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोपाल यादव और आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से अभियान सफल रहा।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




