उरगा थाना क्षेत्र में इन दिनों कबाड़ का कारोबार तेजी से फलफूल रहा है। जिले में कबाड़ के कारोबार पर रोक होने की बात कही जाती है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में कबाड़ी बेखौफ होकर सुबह और शाम लगातार फेरे लगाते दिखाई दे रहे हैं। कई इलाकों में खुलेआम कबाड़ की खरीदी-बिक्री हो रही है, जिससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर बंदी के बावजूद यह कारोबार किसकी सहमति से संचालित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार कबाड़ी छोटे-बड़े वाहनों और ठेलों के माध्यम से क्षेत्र में घूम-घूमकर कबाड़ इकट्ठा कर रहे हैं। सुबह और शाम क्षेत्र के कई हिस्सों में कबाड़ियों की आवाजाही आसानी से देखी जा सकती है। घरों और दुकानों से कबाड़ खरीदा जा रहा है और उसे अलग-अलग स्थानों पर एकत्र कर आगे खपाने की तैयारी की जा रही है।
कबाड़ के इस कारोबार के चलते कई बार चोरी के सामान के खपने की आशंका भी बनी रहती है, क्योंकि कबाड़ के नाम पर लोहे और अन्य धातुओं की खरीद-फरोख्त होती है। इसके बावजूद इस पूरे मामले में किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई सामने नहीं आ रही है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिले में कबाड़ कारोबार पर बंदिश होने के बाद भी उरगा थाना क्षेत्र में यह धंधा लगातार जारी है। कबाड़ी बेधड़क क्षेत्र में फेरे लगा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर कबाड़ का यह कारोबार किसके संरक्षण या सहमति से चल रहा है।
फिलहाल क्षेत्र में सुबह-शाम सक्रिय कबाड़ियों की गतिविधियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं और जिम्मेदार विभागों की चुप्पी इस पूरे मामले को और भी संदेह के घेरे में खड़ा कर रही है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।







