कोरबा – 22 फरवरी 2026
दिनांक 18 फरवरी 2026 को सायं 05:00 बजे से 06:30 बजे तक छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय के शासकीय आवास, उच्च न्यायालय आवासीय परिसर, बोदरी बिलासपुर में माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा (10 जुलाई 1942 – 15 फरवरी 2026) की पुण्य स्मृति में उनकी आत्मा की शांति हेतु शांति हवन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ तथा शांति हवन विधिवत सम्पन्न किया गया। हवन उपरांत भजन संध्या आयोजित की गई। इसके पश्चात शोक सभा में उपस्थित सभी जनों द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
शोक सभा में स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा के जीवन, उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, उच्च संस्कारों और दृढ़ पारिवारिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा एवं सेवा भाव की प्रेरणा प्रदान करता रहा है। माताजी की स्मृतियाँ सदा शक्ति, संबल और प्रेरणा देती रहेंगी।
उक्त कार्यक्रम में माननीय श्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री; माननीय श्री तोखन साहू, केन्द्रीय राज्य मंत्री; माननीय श्री गजेंद्र यादव, विधि मंत्री; छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समस्त माननीय न्यायाधीशगण श्री रमेश बैस, पूर्व राज्यपाल; श्री सुशांत शुक्ला, विधायक; महाधिवक्ता; पुलिस महानिदेशक; उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सचिव; वरिष्ठ अधिवक्तागण; प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी; रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारी; छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारी; जिला न्यायपालिका के न्यायिक अधिकारी; अधिवक्तागण; उच्च न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।






