
✍️*कोरबा।** कटघोरा थाना क्षेत्र में लगभग एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर से करीब 10 तोला सोने के जेवरात, जिनमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल सहित लगभग 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, एसडीओपी विजय सिंह राजपूत तथा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों—अमित खांडे और गौतम कुमार—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात, नकदी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 8 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमित खांडे का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




