✍️ कोरबा। विश्व हिन्दू परिषद ने संगठन विस्तार एवं गौ संरक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समाजसेवी एवं गौसेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री राजकुमार सिंह (राजू भैया) को विश्व हिन्दू परिषद, कोरबा जिला गौ सेवा प्रमुख का दायित्व सौंपा है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में जिले में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और गौसेवा से जुड़े कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।

राजकुमार सिंह (राजू भैया) लंबे समय से गौसेवा, सामाजिक सेवा एवं हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी सेवा भावना, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक कार्यों में निरंतर सहभागिता को देखते हुए विश्व हिन्दू परिषद ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं। गौ रक्षा और गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजू भैया संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर जिले में गौसेवा के विभिन्न आयामों पर प्रभावी कार्य करेंगे।
नवनियुक्त जिला गौ सेवा प्रमुख श्री राजकुमार सिंह (राजू भैया) ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में गौवंश की सुरक्षा, निराश्रित गौवंश की सेवा, गौशालाओं के सहयोग तथा गौसेवा के प्रति जनजागरण के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही युवाओं और समाज के सभी वर्गों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
राजकुमार सिंह की नियुक्ति पर विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोरबा जिले में गौसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा, नई दिशा और व्यापक जनसहयोग प्राप्त होगा।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


