✍️ कोरबा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र से प्रभावित ग्राम भिलाई बाजार के सैकड़ों परिवारों के पुनर्वास को लेकर सर्वमंगला नगर को सर्वसुविधायुक्त बसाहट के रूप में विकसित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि पुनर्वास केवल जमीन का आवंटन नहीं, बल्कि सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ सम्मानजनक बसाहट होनी चाहिए।

इस मांग को लेकर उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने 6 दिसंबर 2025 को संभागीय आयुक्त, बिलासपुर को पत्र भेजकर ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर सर्वमंगला नगर में पुनर्वास की कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। इससे पहले 11 अक्टूबर 2025 को ग्राम सभा में भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया था।
मामला मुख्यमंत्री तक भी पहुंच चुका है। रायपुर में प्रभावित परिवारों की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया, जिसके बाद संबंधित स्तर पर पत्राचार हुआ। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी पुनर्वास की मांग को लेकर पत्र लिखा है।
समाजसेवक प्रदीप जायसवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रभावित परिवार, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी एकजुट होकर DRRC की बैठक में सर्वमंगला नगर को प्राथमिकता देने की मांग मजबूती से रखें। उन्होंने कहा कि पुनर्वास योजना में सड़क, पेयजल, बिजली, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और आवागमन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि बिरदा क्षेत्र में लगभग 500 फीट तक जल उपलब्धता की जांच के बावजूद पानी नहीं मिला, जिससे भविष्य में पेयजल संकट की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में सर्वमंगला नगर को सुरक्षित, स्थायी और सर्वसुविधायुक्त पुनर्वास स्थल के रूप में प्राथमिकता देने की मांग और मजबूत हो गई है.
देश दर्पण न्यूज़ 24 | कोरबा

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


