
✍️ दिन तक बिना डीप फ्रीजर चालू किए ही रखा शव
👉🏻 विदेश से लौटे पुत्र व परिजनों की भावनाएं आहत हुई,सुनाई खरी-खोटी।
👉 कोरबा। प्रारंभिक तौर पर अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकीय मानकों और 100 बिस्तर अस्पताल होने के बावजूद मात्र प्रोविजनल लाइसेंस के आधार पर अस्पताल का संचालन कर रहे शिवाय हॉस्पिटल प्रबंधन की एक बड़ी और घोर लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही ने एक परिवार की संवेदना को तार-तार करते हुए भावनात्मक रूप से काफी आहत किया है। पिता का अंतिम दर्शन करने के लिए बेटा सात समंदर पार से कोरबा लौटा लेकिन शव खराब हो जाने की वजह से उसे काफी ठेस पहुंची। मर्माहत बेटे व परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को काफी खरी- खोटी सुनाई। हंगामा की सूचना पर पुलिस भी पहुंची थी।
दरअसल, कोरबा शहर के निवासी एक प्रतिष्ठित परिवार के मुखिया की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शिवाय हॉस्पिटल टीपी नगर में भर्ती कराया गया। यहां उनकी मृत्यु हो जाने उपरांत चूंकि परिवार के सदस्य तो मौजूद थे लेकिन विदेश में रह रहे पुत्र का आना तत्काल संभव नहीं हो सकता था, इसलिए मृत देह को अस्पताल की निगरानी में ही डीप फ्रीजर में रखवाने की व्यवस्था की गई। आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद मृत देह को डीप फ्रीजर में अस्पताल प्रबंधन ने रखवा तो दिया किंतु इसका स्विच ऑन करना भूल गए। 19 अप्रैल से लेकर 21 अप्रैल तक यह मृत देह डीप फ्रीजर में पड़ी रही जिसकी वजह से शव डीकंपोज होने लगा।
आज 21 अप्रैल को जब बेटा सात समुंदर पार से लौटा और शव सुपुर्द में लेने के लिए डीप फ्रीजर खोला गया तो हालत कुछ और ही थी। पिता के मृत देह की यह स्थिति देखकर बेटा भड़क उठा। उसके आंसू छलकने लगे लेकिन अपनी भावनाओं पर काबू करते हुए अस्पताल प्रबंधन को काफी खरी-खोटी सुनाई। मौजूद प्रबंधन के लोग इधर-उधर बगलें झांकते बात-बात एक्सक्यूज करते नजर आए।
हालांकि, इस परिवार ने अपनी पीड़ा को दोहरा होते देखा फिर भी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई नहीं कराई है। हंगामे की सूचना पर मौके पर सीएसईबी चौकी पुलिस पहुंच गई थी। वह काफी देर तक यहां मौजूद रही और समझाइश का काम किया जाता रहा। अंततः शव को परिजन अंतिम संस्कार के लिए साथ ले गए। इस विषय में सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एसआई राजेश तिवारी से जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया, किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। पीड़ित परिवार की भावना को समझते हुए उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
DESH DARPAN NEWS 24/7 कि टीम ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना करता है। साथ ही यह भी कामना करता है कि शिवाय अस्पताल प्रबंधन जो कि नियमों को ताक पर रखकर बिना वैध लाइसेंस प्राप्त किए, पूर्ण रूप से तैयारी के बगैर ही संचालन कर रहा है,उसको सद्बुद्धि प्रदान करें। वह सिर्फ रूपयों की खातिर मरीजों की जान सांसत में ना डाले, उनके परिजनों को रुपए लूट-खसोट करने का जरिया न बनाए, बल्कि रसूख से परे हट कर आम भावनाओं की कद्र करते हुए जनसेवा का कार्य चिकित्सा पेशा के माध्यम से करे।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।

