बख्शीस मांगने वक्त टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, बीच सड़क पर मचा हंगामा; पुलिस ने दोनों पक्षों की FIR दर्ज करने की बात कही।
कोरबा/दीपका, 2 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के बस्ती मुख्य मार्ग में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब किन्नरों के एक समूह और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान समूह में शामिल एक व्यक्ति द्वारा विवाद पर चाकू भी निकाला गया जो कि फ़ोटो में साफ देखा जा सकता हैं घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बख्शीस मांगने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, किन्नरों का समूह बस्ती क्षेत्र में गली-गली घूमकर बख्शीस मांग रहा था। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति, जिसके शराब के नशे में होने की बात बताई जा रही है, ने कथित तौर पर कुछ टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि किन्नरों के समूह ने उक्त व्यक्ति के साथ मारपीट की। व्यक्ति के बचाव में उसका पुत्र पहुंचा तो उसके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी झूमा-झटकी होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के वायरल वीडियो में सड़क पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और हंगामा दिखाई दे रहा है। वीडियो में समूह में शामिल एक व्यक्ति के हाथ में चाकू नजर आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि चाकू से किसी व्यक्ति को चोट लगी है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
दोनों पक्षों से FIR की कार्रवाई
दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है और दोनों पक्षों की एफआईआर दर्ज की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मारपीट तथा चाकू दिखाने से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



