✍️ कोरबा, 14 अगस्त 2026। मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में लगातार हो रही बारिश के चलते जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार रात 7:45 बजे तक जलाशय में जलभराव 92.48 प्रतिशत दर्ज किया गया है। जलाशय में पानी की आवक लगातार बढ़ने के कारण कभी भी गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जा सकता है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने नदी किनारे और संभावित बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
🌊 बढ़ते जलस्तर के बीच कभी भी छोड़ा जा सकता है पानी
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षाकाल में आवश्यकता पड़ने पर माचाडोली स्थित बांध से हसदेव नदी में पानी कभी भी प्रवाहित किया जा सकता है। जलाशय में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए विभाग ने संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर पहले से ही आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
⚠️ बाढ़ क्षेत्र से परिसंपत्तियां सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सूचना
जल संसाधन विभाग ने बांध के नीचे हसदेव नदी के किनारे स्थित बाढ़ संभावित क्षेत्रों में स्थापित चल-अचल परिसंपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की सूचना जारी की है। खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों, संस्थानों तथा अन्य संबंधितों को भी अपनी परिसंपत्तियां बाढ़ क्षेत्र से बाहर करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ आने से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। साथ ही संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में बाढ़ चेतावनी की मुनादी करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
📢 इन गांवों में विशेष सतर्कता
विभाग के अनुसार संभावित बाढ़ क्षेत्र में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड़, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
🚨 लोगों से सतर्क रहने की अपील
जलाशय में जलभराव 92.48 प्रतिशत पहुंचने और पानी की आवक लगातार बढ़ने के कारण स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे में हसदेव नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अपील है कि वे नदी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं, बाढ़ संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन और जल संसाधन विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।






