✍️ कोरबा। “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बांगो पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर चालक से लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो वाहन एवं लूटी गई राशि में से कुछ रकम बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सलमान अंसारी, निवासी गढ़वा (झारखंड), ट्रेलर चालक हैं। वे दिनांक 26 अप्रैल 2026 को अम्बिकापुर से कोयला लोड कर रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान रात्रि लगभग 02:00 बजे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का एयर प्रेशर कम होने पर उन्होंने वाहन सड़क किनारे रोका।
इसी बीच सफेद रंग की बिना नंबर बोलेरो में सवार दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और ट्रेलर चालक से वाहन के कागजात की मांग करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चालक को जबरन अपने वाहन में बैठा लिया।
आरोपियों ने चालक के पास रखे 7,000 रुपये नकद एवं पर्स में रखे 800 रुपये लूट लिए, साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से 1,200 रुपये एवं 500 रुपये ट्रांसफर भी करा लिए। इस प्रकार कुल 9,500 रुपये की लूट की गई।
घटना की रिपोर्ट पर थाना बांगो में अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 296, 351(3), 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन एवं लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए गए।
👉 गिरफ्तार आरोपी
1. रौनक सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
2. कुनाल रजक, उम्र 19 वर्ष, निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
दोनों आरोपियों को 28 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना बांगो पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें सउनि नरेंद्र डिसेना, आरक्षक जयप्रकाश यादव एवं रामगोपाल साहू का विशेष योगदान रहा।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। आपकी सतर्कता ही अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




