✍️भीषण गर्मी के बीच भैंसमा फीडर क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। तिलकेजा सहित आसपास के कई गांवों में रोजाना 6 से 7 बार बिजली बंद हो रही है। हालात ऐसे हैं कि दिन में कई-कई घंटे बिजली गायब रहती है और रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही। लगातार हो रही कटौती से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी सूचना के बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। बिजली नहीं रहने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं पंखे, कूलर, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के कामकाज भी ठप पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हल्की हवा चलने पर भी फॉल्ट का बहाना बनाकर बिजली काट दी जाती है। कई बार घंटों तक सप्लाई बंद रहती है, लेकिन जब लोग जानकारी लेने के लिए बिजली कार्यालय या कर्मचारियों से संपर्क करते हैं तो उन्हें सही जवाब तक नहीं मिलता। ग्रामीणों का कहना है कि जीआई और कर्मचारी जिम्मेदारी निभाने के बजाय लोगों को इधर-उधर घुमाने में लगे रहते हैं।
लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर कभी लाइन फॉल्ट, कभी मेंटेनेंस तो कभी तकनीकी खराबी का हवाला दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है और जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि अभी तो सिर्फ गर्मी का मौसम है और बिजली का यह हाल है, जबकि आने वाले दिनों में बरसात शुरू होने वाली है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही बिजली कई-कई दिनों तक बंद रहती है। ग्रामीणों के अनुसार बरसात में कई बार 2 से 3 दिन तक लगातार बिजली सप्लाई ठप रहती है, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
रात में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की नींद खराब हो रही है। कई ग्रामीणों ने बताया कि घंटों बिजली बंद रहने के बावजूद विभाग के कर्मचारी फोन तक रिसीव नहीं करते। इससे लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो बरसात के दिनों में हालात और ज्यादा खराब हो सकते हैं।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




