✍️ समाजसेवक प्रदीप जायसवाल के लगातार प्रयास, विधायक प्रेमचंद पटेल और मंत्री लखन लाल देवांगन की अनुशंसा के बाद भी इंतजार जारी।
कोरबा। गेवरा रोड रेलवे स्टेशन से कोविड-19 के बाद बंद हुई यात्री ट्रेनों के संचालन को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर मांग तेज हो गई है। वर्तमान में स्टेशन से केवल दो यात्री ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जबकि कोविड से पहले इसी मार्ग पर पांच यात्री ट्रेनें नियमित रूप से चलती थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेनों की कमी से हजारों यात्रियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भिलाई बाजार के समाजसेवक प्रदीप जायसवाल लगातार बंद ट्रेनों को दोबारा शुरू कराने के लिए प्रयासरत हैं। उनका कहना है कि गेवरा रोड रेलवे स्टेशन से 40 से 50 ग्राम पंचायतों, नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों के लोगों का सीधा आवागमन जुड़ा हुआ है। ट्रेनों का संचालन बढ़ने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल तथा उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी रेलवे प्रशासन को अनुशंसा भेजी है। बावजूद इसके अब तक कोविड से पहले संचालित सभी ट्रेनों की सेवाएं बहाल नहीं हो सकी हैं।
समाजसेवक प्रदीप जायसवाल ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए कोविड पूर्व संचालित सभी यात्री ट्रेनों का गेवरा रोड से पुनः संचालन शुरू किया जाए और यात्रियों की सुविधा के लिए रेल सेवाओं का विस्तार किया जाए।
देश दर्पण न्यूज़ 24 इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर रेलवे प्रशासन की आगामी कार्रवाई और निर्णय पर लगातार नजर बनाए हुए है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


