✍️ कोरबा। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर सख्त निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर हालात में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। जिले के सीतामढ़ी से लेकर सीएसबी चौक तक दिन-रात अवैध रेत से लदे वाहनों की आवाजाही जारी हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि 24 घंटे लगातार अवैध रेत परिवहन किया जा रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है।
जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इसके बावजूद खनिज विभाग की ओर से अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के कारण रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद बताए जा रहे हैं। इस स्थिति ने विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब जिला कलेक्टर द्वारा अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं, तब भी आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध गतिविधि लगातार संचालित हो रही है? यदि प्रशासनिक निर्देशों के बाद भी खुलेआम रेत से भरे वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, तो यह कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध रेत परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन हो और अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लग सके।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



