✍️ कोरबा। सावन माह में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने कनकी स्थित कनकेश्वर धाम में इस वर्ष मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। श्रद्धालुओं और धाम समिति का आरोप है कि सावन शुरू होने के बावजूद प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर नहीं की गईं, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक वर्ष सावन माह में श्रद्धालु रात्रि के समय सर्वमंगला मंदिर के तट से पवित्र जल लेकर पदयात्रा करते हुए कनकी स्थित कनकेश्वर महादेव धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान कोरबा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से भी हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धाम परिसर एवं आसपास पर्याप्त पेयजल, बिजली और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ग्राम पंचायत के अंतर्गत निर्मित शौचालय जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, जबकि बायो टॉयलेट भी उपयोग योग्य स्थिति में नहीं बताए जा रहे हैं। ऐसे में विशेषकर महिला, बुजुर्ग और बच्चों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
इस संबंध में करतला जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि बायो टॉयलेट एवं पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है तथा रविवार तक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बिजली व्यवस्था को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी।
वहीं, कनकेश्वर धाम समिति का कहना है कि बायो टॉयलेट, पेयजल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रशासन से कई बार मांग की गई, लेकिन अब तक अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। समिति का यह भी आरोप है कि ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्य समय रहते नहीं कराए गए, जबकि सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की जानकारी पहले से थी।
समिति एवं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की गईं, तो हजारों श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि कनकेश्वर धाम में बिजली, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में अपनी धार्मिक आस्था का निर्वहन कर सकें।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



