✍️ कोरबा पावर लिमिटेड पर स्थानीय युवाओं की उपेक्षा का आरोप, प्रभावित पंचायतों के बेरोजगारों को नौकरी देने की उठी मांग
कोरबा। जिले के जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र के जनपद सदस्य अनिल खुटे ने स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कोरबा पावर लिमिटेड, पताढ़ी द्वारा प्रभावित ग्राम पंचायतों के युवाओं को रोजगार देने के बजाय अन्य राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे क्षेत्र में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
जनपद सदस्य अनिल खुटे द्वारा 27 जुलाई 2026 को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत पताढ़ी, पहंदा और खोड्डल कोरबा पावर लिमिटेड से प्रभावित क्षेत्र हैं। इसके बावजूद इन पंचायतों के योग्य और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। उनका कहना है कि स्थानीय लोगों की अनदेखी कर बाहरी प्रदेशों के युवाओं की भर्ती की जा रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं में भारी असंतोष व्याप्त है।
आवेदन में जिला कलेक्टर से मांग की गई है कि प्लांट प्रबंधन को निर्देशित कर प्रभावित पंचायतों के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाई जाए, ताकि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके और स्थानीय लोगों को औद्योगिक परियोजना का वास्तविक लाभ प्राप्त हो।
इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि प्लांट हेड, कोरबा पावर लिमिटेड, पताढ़ी, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कोरबा तथा जिला रोजगार कार्यालय, कोरबा को भी भेजी गई है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की यह मांग अब प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के सामने एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन गई है। क्षेत्र के लोगों की नजर अब इस बात पर है कि प्रशासन इस आवेदन पर क्या कार्रवाई करता है और प्रभावित पंचायतों के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



