✍️ कोरबा। जिले के पाली विकासखंड के सेन्द्रिपाली स्थित चैतमा फायर मिनिस्ट्री चर्च में लगभग एक माह के अंतराल के बाद रविवार को पुनः आराधना शुरू हो गई। चर्च में धार्मिक गतिविधियों के दोबारा प्रारंभ होने से स्थानीय मसीही समाज में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बीते माह चर्च में आयोजित आराधना का कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इस दौरान पुलिस तक शिकायत पहुंचने के बाद चर्च की नियमित गतिविधियां भी प्रभावित हुईं और आराधना अस्थायी रूप से बंद हो गई थी।
मामले की जानकारी मिलने पर क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी ने स्थानीय विश्वासियों, कलीसिया के अगुवों तथा संबंधित पक्षों के साथ लगातार संवाद और समन्वय की पहल की। समिति के अनुसार, आपसी बातचीत और शांतिपूर्ण प्रयासों के परिणामस्वरूप चर्च में फिर से आराधना प्रारंभ हो सकी।
क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी बिलासपुर–रतनपुर ने इस पहल को सभी पक्षों के सहयोग और संवाद का सकारात्मक परिणाम बताया है। वहीं, चर्च में पुनः आराधना शुरू होने पर स्थानीय विश्वासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए परमेश्वर के प्रति आभार जताया तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
समिति के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में रवि मसीह, आशीष साइमन, मोतीराम साहू, आशीष टेकाम एवं हरिचंद प्रधान ने सक्रिय भूमिका निभाई और समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


