✍️ DESH DARPAN NEWS 24/7 हकोरबा, जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब तकनीक का सहारा लेते हुए कार्रवाई को नई धार दे दी है। ड्रोन और जल्द ही थर्मल इमेजिंग तकनीक के उपयोग से खनिज माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। शुक्रवार को सीतामढ़ी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त कर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब कानून से बच निकलना आसान नहीं होगा।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने हसदेव नदी क्षेत्र में ड्रोन कैमरे के माध्यम से औचक निगरानी की। अभियान के दौरान ड्रोन में नदी के भीतर अवैध रेत उत्खनन करते एक जेसीबी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं। टीम ने ड्रोन के जरिए वाहन की लगातार लोकेशन ट्रैक करते हुए उसे इमलीडुग्गू तक चिन्हित किया और मौके पर दबिश देकर अवैध उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी तथा अवैध रेत परिवहन कर रहे एक टीपर को जब्त कर खनिज जांच चौकी, उरगा की अभिरक्षा में रखा।
इसी दौरान राताखार क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर रामपुर थाना के सुपुर्द किया गया। इस प्रकार एक ही अभियान में तीन वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूर्ण अंकुश लगाने, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा तथा शासकीय राजस्व की हानि रोकने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सहायक खनि अधिकारी राकेश वर्मा ने बताया कि अब जिले में ड्रोन तकनीक का नियमित उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही रात के अंधेरे में होने वाले अवैध उत्खनन और परिवहन पर नजर रखने के लिए थर्मल इमेजिंग तकनीक भी अपनाई जाएगी। ड्रोन में रिकॉर्ड हुए साक्ष्यों के आधार पर वाहन छिपाने या मौके से फरार होने की कोशिश करने वाले भी कार्रवाई से बच नहीं सकेंगे।
खनिज विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और शासकीय राजस्व की सुरक्षा में प्रशासन का सहयोग करें। कहीं भी अवैध खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें। विभाग ने दोहराया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह सघन अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी रियायत के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


