✍️ BY DESH DARPAN NEWS 24/7 विशेष अभियान में गिट्टी, मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन-परिवहन पर कार्रवाई, अप्रैल से अब तक 18.70 लाख रुपये से अधिक की वसूली।
👉 कोरबा, 20 जून 2026 जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विशेष अभियान के दौरान 1 जेसीबी सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त वाहनों पर शिकंजा कसा गया।
खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा और गुरसिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बांकीमोगरा, कोसावाड़ी, बरमपुर, घरीपखना और गुरसिया क्षेत्र में गिट्टी, मिट्टी एवं रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टीपर तथा 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जब्त वाहनों को बांकीमोगरा, रामपुर और बांगो थाना के साथ-साथ खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अप्रैल से जून मध्य तक 18.70 लाख रुपये की वसूली
खनिज विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अप्रैल से 15 जून 2026 के बीच अवैध उत्खनन के 12 मामलों में 6.74 लाख रुपये, अवैध परिवहन के 89 मामलों में 7.37 लाख रुपये तथा अवैध भंडारण के 10 मामलों में 7.14 लाख रुपये की वसूली की गई है।
इस प्रकार उक्त अवधि में कुल **18 लाख 70 हजार 473 रुपये** का राजस्व शासन के खाते में जमा कराया गया है।
अवैध गतिविधियों पर रहेगी कड़ी निगरानी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि **खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015** एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


