✍️ जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, स्व-सहायता समूहों को ऋण चेक और आवास हितग्राहियों को सौंपी चाबियां
**कोरबा, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कोरबा के पंडित जवाहर लाल नेहरू सभाकक्ष में अनुविभाग स्तरीय पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर कुणाल दुदावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर दुदावत ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, पीएम स्वनिधि योजना तथा जिला खनिज न्यास मद से संचालित विकास कार्यों के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोत्साहन एवं सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी और युवाओं को इनका लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। कलेक्टर ने नागरिकों से शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहने, पात्रतानुसार पंजीयन कराने तथा ऐसे शिविरों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
शिविर के दौरान हितग्राहीमूलक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कलेक्टर दुदावत ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बैंक ऋण स्वीकृति के चेक वितरित किए। साथ ही ‘लखपति दीदी’ योजना से जुड़ी महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपकर शुभकामनाएं भी दी गईं।
कार्यक्रम में दिनेश नाग, सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
योजनाओं से जुड़ने का मिला अवसर
अनुविभाग स्तरीय पंजीयन शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी, पंजीयन सुविधा और लाभ वितरण की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। इससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और शासन की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।


