✍️ छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सक्ती जिले के चन्द्रपुर में पदस्थ ASI एसएन मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया, जबकि बिलासपुर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया गया। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
होटल संचालक से मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के करगी रोड कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप ने ACB से शिकायत की थी कि वह कोटा क्षेत्र में होटल का संचालन करता है। अगस्त 2025 में फूड सेफ्टी विभाग की जांच के दौरान होटल में खुले में पेड़ा पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। यह मामला अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी बिलासपुर की अदालत में लंबित है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय ने जुर्माने की राशि एक लाख रुपए तक होने की बात कहकर मामले में राहत दिलाने के बदले 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। आरोपी बाबू पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और शेष 15 हजार रुपए लेने के लिए शिकायतकर्ता को कार्यालय बुलाया गया था।
ACB ने बिछाया जाल, रिश्वत लेते पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
शनिवार 10 मई 2026 को शिकायतकर्ता जैसे ही कार्यालय पहुंचा और विजय पांडेय को 15 हजार रुपए दिए, पहले से तैनात ACB टीम ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद कर ली।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी विजय पांडेय के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की कई शिकायतें मिल चुकी थीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सक्ती में ASI भी गिरफ्तार
इधर, सक्ती जिले के चन्द्रपुर में पदस्थ ASI एसएन मिश्रा को भी ACB ने 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। हालांकि इस मामले में शिकायतकर्ता और रिश्वत मांगने के कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
लगातार दो बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




