✍️टी.पी. नगर व कोरबा जोन के वार्डों के विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
**कोरबा, 04 मई 2026**
प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर निगम कोरबा में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो निर्माण एजेंसियां समय पर कार्य प्रारंभ नहीं करतीं या उदासीनता बरतती हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए।
मंत्री देवांगन ने कहा कि विकास कार्यों में आने वाली मैदानी समस्याओं के कारण कार्य निरस्त करने के बजाय उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि समाधान कर कार्य पूर्ण कराया जा सके।
बैठक में महापौर संजू देवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पांडेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। टी.पी. नगर एवं कोरबा जोन के 18 वार्डों में स्वीकृत 175 विकास कार्यों की समीक्षा की गई, जिनमें कई कार्य पूर्ण, प्रगतिरत एवं कुछ प्रारंभ होना शेष हैं।
मंत्री ने सीसी रोड, नाली-नाला निर्माण, सामुदायिक भवन, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, आंगनबाड़ी, स्कूल भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
**आमजन की समस्याओं पर संवेदनशीलता जरूरी**
मंत्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
**सभी वार्डों में समान विकास का संकल्प**
उन्होंने कहा कि निगम के सभी 67 वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य किए जाएंगे। वार्डों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाएं बनाकर बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
**शासकीय योजनाओं की समीक्षा**
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं अमृत मिशन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने योजनाओं के लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने और पेंशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आने के निर्देश दिए।
**ट्रिपल इंजन सरकार का लाभ जनता तक पहुंचे**
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि केंद्र, राज्य और निगम में एक ही सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिल रही है और इसका लाभ नागरिकों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
बैठक में पार्षदगण, निगम अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




