✍️ रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार डिजिटल तकनीक के माध्यम से सुशासन और जनसेवा को नई दिशा देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डिजिटल परिवर्तन को गति देते हुए शासन की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और सुलभ बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं के लिए आधुनिक तकनीक आधारित रोजगार और नवाचार के नए अवसर तैयार करना है।

प्रदेश में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में 35 विभागों की 564 से अधिक सेवाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है। आवेदन, प्रमाण पत्र, अनुमतियां और अन्य आवश्यक सेवाएं अब घर बैठे ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती हैं।
डिजिटल छत्तीसगढ़ अभियान के तहत गांव-गांव तक इंटरनेट कनेक्टिविटी का विस्तार भी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और ई-गवर्नेंस का लाभ मिलने लगा है। सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच डिजिटल अंतर को समाप्त करना है।
युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए प्रदेश में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके माध्यम से युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल नवाचार और आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का विजन है कि तकनीक केवल सुविधा का माध्यम न होकर जनसेवा, पारदर्शिता और समावेशी विकास का मजबूत आधार बने। इसी सोच के अनुरूप सुशासन सरकार डिजिटल प्लेटफॉर्म को अधिक प्रभावी बनाकर आत्मनिर्भर, आधुनिक और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
डिजिटल सेवाओं का विस्तार, मजबूत इंटरनेट नेटवर्क और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पहलें यह संकेत देती हैं कि छत्तीसगढ़ अब तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह परिवर्तन प्रदेश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।





