✍️ देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर महंगा होकर अब ₹99.51 प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल के दाम में 91 पैसे की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत ₹92.49 प्रति लीटर हो गई है।
वहीं, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत ₹105 प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है, जबकि डीजल ₹97.52 प्रति लीटर के करीब बिक रहा है।
9 दिनों में तीसरी बार बढ़ोतरी
पेट्रोल और डीजल के दामों में बीते 9 दिनों के भीतर यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 19 मई को तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दामों में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की थी। वहीं, 15 मई को भी करीब ₹3 प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई गई थीं। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी ने लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है।
महंगाई की मार और बढ़ने के आसार
ईंधन महंगा होने का असर अब रोजमर्रा की जरूरतों पर भी दिखाई देने लगा है।
मालभाड़ा बढ़ेगा
डीजल की कीमत बढ़ने से ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ सकता है। इसका सीधा असर दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियों, फलों और राशन सामग्री की कीमतों पर पड़ेगा।
खेती की लागत में इजाफा
किसानों को ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए अब ज्यादा खर्च करना होगा। इससे खेती की लागत बढ़ेगी और आने वाले समय में अनाज तथा अन्य कृषि उत्पाद महंगे हो सकते हैं।
आम आदमी की बढ़ी चिंता
लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईंधन के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले दिनों में महंगाई और तेज हो सकती है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




