✍️ ₹17 की शक्कर ₹20 में! कोनकोना राशन दुकान पर हितग्राहियों ने बताया, तौल में भी 60–70 ग्राम कम देने का दावा।

कोरबा/पौड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के पौड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनकोना में संचालित शासकीय उचित मूल्य विक्रय केंद्र को लेकर हितग्राहियों ने गंभीर शिकायतें सामने रखी हैं। जागृति स्व सहायता समूह द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान आईडी क्रमांक 552005067 में शक्कर वितरण को लेकर निर्धारित दर से अधिक राशि लेने और कम तौल किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

हितग्राहियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित दर के मुताबिक उन्हें प्रति किलोग्राम शक्कर ₹17 की दर से मिलनी चाहिए, लेकिन दुकान में कथित तौर पर ₹20 प्रति किलोग्राम की दर से राशि ली जा रही है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो निर्धारित दर और वसूली गई राशि के बीच अंतर को लेकर जिम्मेदारी तय किए जाने की जरूरत होगी।
तौल में भी कमी ?
मामला केवल कीमत तक सीमित नहीं होने की बात हितग्राहियों द्वारा कही जा रही है। उनका दावा है कि राशन दुकान से मिलने वाली एक किलो शक्कर को जब दूसरी जगह दोबारा तौला गया, तो उसमें लगभग 60 से 70 ग्राम तक कमी पाई गई।
ऐसे में सवाल उठता है कि यदि निर्धारित मात्रा के बजाय कम सामग्री दी जा रही है, तो इसकी निगरानी और सत्यापन कौन कर रहा है? हितग्राहियों का कहना है कि उन्हें अपने हक का पूरा राशन और निर्धारित दर पर ही सामग्री मिलनी चाहिए।
जांच के बाद ही साफ होगी सच्चाई।
मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दुकान के स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड, निर्धारित दर, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा वास्तविक स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
हितग्राहियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली और कथित कम तौल की शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



