👉 ब्रेकिंग कोरबा छत्तीसगढ़
✍️ * *खबरों का जोरदार असर*
कोरबा। शहर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ प्रकाशित हो रही खबरों का आखिरकार बड़ा असर देखने को मिला है। बीते दिनों तक अवैध कबाड़ियों के हौसले बुलंद थे, लेकिन मीडिया द्वारा लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तीन अलग-अलग स्थानों पर संचालित अवैध कबाड़ यार्डों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति संचालित कबाड़ ठिकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अवैध ढांचों को जेसीबी से तोड़ा गया, जिससे कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार इलाके में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू द्वारा अवैध रूप से बनाए गए कबाड़ यार्ड को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। वहीं रामनगर में तनवीर कबाड़ी के ठिकाने पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध कब्जे में बनाए गए ढांचे को हटा दिया।
इसके अलावा कोरकोमा क्षेत्र में संचालित एक अन्य कबाड़ ठिकाने पर भी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और पूरे अभियान को सख्ती के साथ अंजाम दिया गया।
नगर निगम के डिप्टी कलेक्टर नीरज कौशिक ने बताया कि शहर में बिना अनुमति संचालित कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्रों में कार्रवाई से पहले संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।







