✍️ BY DESH DARPAN NEWS24/7 कोरबा, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई केएसटीपीपी, कोरबा ने सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए एनटीपीसी अस्पताल, जमनीपाली में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 14 यूनिट रक्तदान किया।
कमांडेंट राजीव कुल्हारी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित इस रक्तदान अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व और मानव जीवन की रक्षा में इसकी अहम भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर सहायक कमांडेंट (अग्नि) शिवेन्द्र कुमार ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस उन निस्वार्थ रक्तदाताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो बिना किसी स्वार्थ के मानवता की सेवा में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सीआईएसएफ केवल सुरक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के कार्यों में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
रक्तदान शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित और नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान को मानव जीवन बचाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बताया।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह अभियान सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी, कोरबा की मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।





