✍️ कोरबा (छत्तीसगढ़)।
जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। रेडियम पट्टी नहीं लगाने वाले भारी वाहनों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में कुल 119 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले भर में यह अभियान चलाया गया। इससे पहले ट्रांसपोर्टरों और भारी वाहन संचालकों की बैठक लेकर उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया था। खास तौर पर वाहनों के पीछे रेडियम पट्टी लगाने और रात्रि में सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद कई वाहन संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दर्री और कोरबा अनुभाग में संयुक्त जांच अभियान चलाया।
अभियान के तहत दर्री अनुभाग के NTPC, कुसमुंडा, दीपका और बाकीमोगरा सहित औद्योगिक क्षेत्रों में 47 भारी वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं कोरबा अनुभाग के बालको और उरगा क्षेत्र में 72 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 104 के तहत चालान किया गया। इस तरह कुल 119 वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
कोरबा पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टी लगवाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।



