
✍️जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने महज दो दिनों में 93 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
27 और 28 अप्रैल 2026 को चलाए गए सघन दबिश अभियान के दौरान लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 27 अप्रैल को 5 स्थायी वारंटी और 45 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जबकि 28 अप्रैल को 19 स्थायी वारंटी और 24 गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई की गई।
इस तरह कुल 24 स्थायी वारंटी और 69 गिरफ्तारी वारंटों को तामील करते हुए 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी लंबे समय से फरार थे और इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही थी। योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर इन्हें पकड़ा गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देश दर्पण न्यूज़ 24×7 – खबरों का सटीक दर्पण।
यहाँ पाएँ ब्रेकिंग न्यूज़, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी और फैक्ट-चेक — सबसे तेज़ और सबसे पहले।
हम लाते हैं भरोसेमंद जानकारी, ताकि आप रहें हर पल अपडेट।




